Advertisement

बरगद की डाली गिरने से टूटा बिजली खंभा

-बरगद की डाली गिरने से टूटा बिजली खंभा

मुजफ्फरपुर। जिले के मुसहरी प्रखंड अंतर्गत डुमरी गांव से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। भगवती स्थान के पास सोमवार दोपहर करीब तीन बजे बरगद के पेड़ की बड़ी डाली गिरने से बिजली का खंभा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्षेत्र में बड़े हादसे की आशंका उत्पन्न हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, खंभा टूटने के बाद बिजली के तार खुले में लटक रहे हैं और उनमें अब भी करंट प्रवाहित हो रहा है। इससे आसपास के लोगों, खासकर बच्चों और मवेशियों की जान पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के कई घंटे बाद भी बिजली विभाग की ओर से स्थिति को दुरुस्त करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।


ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों में भय का माहौल है और क्षेत्रवासियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर क्षतिग्रस्त खंभे को बदलने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से अविलंब हस्तक्षेप करने की अपील की है। उनका कहना है कि जब तक नया खंभा लगाकर तारों को सुरक्षित नहीं किया जाता, तब तक आम लोगों को इस मार्ग से दूर रहने की सलाह दी जाए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई अप्रिय घटना घट सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।