Advertisement

कोटवा कॉलेज हत्या कांड का कुछ घंटे में ही पटाक्षेप, दो गिरफ्तार

-कोटवा कॉलेज हत्या कांड का कुछ घंटे में ही पटाक्षेप, दो गिरफ्तार

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

कोटवा कॉलेज परिसर में हुई हत्या की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर मामले का पटाक्षेप कर लिया। एसडीपीओ सदर-2 जितेश पाण्डेय एवं कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय यादव के पुत्र गुड्डू कुमार तथा फिराज साह के पुत्र पवन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं घटना के दौरान इस्तेमाल किया गया जूता भी बरामद किया है, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। एसडीपीओ जितेश पाण्डेय ने बताया कि तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है। पुलिस का दावा है कि फरार अभियुक्त को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।