Advertisement

24 घंटे में बेंगलुरु पहुंची मुजफ्फरपुर की शाही लीची, डाक विभाग की पहल से किसानों को मिली नई उड़ान

-24 घंटे में बेंगलुरु पहुंची मुजफ्फरपुर की शाही लीची, डाक विभाग की पहल से किसानों को मिली नई उड़ान

मुजफ्फरपुर। ‘डाकिया डाक लाया’ की तर्ज पर अब मुजफ्फरपुर की प्रसिद्ध और स्वादिष्ट शाही लीची देश के विभिन्न हिस्सों तक स्पीड पोस्ट के माध्यम से पहुंच रही है। डाक विभाग की रेल डाक सेवा (आरएमएस) ने इस दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए मुजफ्फरपुर की पहचान बन चुकी शाही लीची को देशभर के उपभोक्ताओं तक सुरक्षित और तेजी से पहुंचाने का जिम्मा संभाला है।
इस पहल की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुजफ्फरपुर से स्पीड पोस्ट के जरिए भेजा गया शाही लीची का एक पार्सल महज 24 घंटे के भीतर बेंगलुरु पहुंच गया। डाक विभाग की इस तेज और प्रभावी सेवा ने एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है तथा स्थानीय किसानों और बागवानों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराने का रास्ता खोल दिया है।


गर्मी के मौसम में शाही लीची और आम जैसे फलों की बढ़ती मांग को देखते हुए डाक विभाग पूरी तरह सक्रिय है। मुजफ्फरपुर प्रधान डाकघर परिसर स्थित बिजनेस पोस्ट सेंटर (बीपीसी) में इसके लिए विशेष काउंटर भी संचालित किया जा रहा है, जहां से किसान और व्यापारी आसानी से अपने उत्पाद देश के विभिन्न शहरों में भेज सकते हैं।
डाक विभाग की इस पहल से न केवल शाही लीची की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि किसानों को बेहतर मूल्य मिलने की भी उम्मीद है। समय पर डिलीवरी और सुरक्षित परिवहन की सुविधा मिलने से मुजफ्फरपुर की शाही लीची अब देश के बड़े बाजारों में अपनी मिठास बिखेर रही है।
स्थानीय बागवानों का मानना है कि स्पीड पोस्ट के माध्यम से लीची की त्वरित आपूर्ति से कारोबार को नई गति मिलेगी और मुजफ्फरपुर की विश्वप्रसिद्ध शाही लीची की पहचान और मजबूत होगी।