Advertisement

नेपाल-भारत के युवाओं के लिए नशीली दवाएं बन रहीं अभिशाप, संयुक्त अभियान की जरूरत: महेंद्र यादव

-नेपाल-भारत के युवाओं के लिए नशीली दवाएं बन रहीं अभिशाप, संयुक्त अभियान की जरूरत: महेंद्र यादव

जनकपुरधाम।मधुकर।नेपाल-भारत मैत्री संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व संघीय मंत्री महेंद्र यादव ने कहा कि नशीली दवाओं का बढ़ता सेवन नेपाल और भारत दोनों देशों के युवाओं के लिए गंभीर अभिशाप बनता जा रहा है। उन्होंने इसके रोकथाम के लिए दोनों देशों की सरकारों से संयुक्त अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
नेपाल-भारत मैत्री युवा संघ द्वारा आयोजित “लागू औषध विरुद्ध जनचेतना अभियान (Say No To Drugs)” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महेंद्र यादव ने कहा कि नेपाल के सीमावर्ती जिलों के कई युवा भारत के सीमावर्ती बाजारों से चोरी-छिपे नशीली गोलियां और इंजेक्शन प्राप्त कर उनका सेवन कर रहे हैं। कई मामलों में सीमावर्ती क्षेत्रों में ही इनका इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।


उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण युवा सड़क दुर्घटनाओं का अधिक शिकार हो रहे हैं और उनके पारिवारिक संबंध भी प्रभावित हो रहे हैं। सुधार केंद्रों में बड़ी संख्या में ऐसे युवा मिलते हैं जो नशीली दवाओं की गिरफ्त में आ चुके हैं। उन्होंने चिंता जताई कि युवाओं में शराब, चरस, ब्राउन शुगर और हेरोइन जैसे मादक पदार्थों का सेवन भी बढ़ रहा है।
महेंद्र यादव ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की शक्ति और भविष्य होते हैं। इसलिए नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने भारत सरकार से सीमावर्ती क्षेत्रों की दवा दुकानों पर सख्ती बढ़ाने और बिना चिकित्सकीय पर्चे के नशीली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों और एनजीओ से नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
बजरंग यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शंकर प्रसाद चौधरी, शेष नारायण यादव, कुमार कांत झा, कृष्णा सिंह, संजय ठाकुर, दीप नारायण यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।