-पटना में मेडिकल छात्र की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका जताते हुए पिता ने थाने में दिया आवेदन
मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक। हत्था थाना क्षेत्र के गगराहा गांव निवासी एवं मध्य विद्यालय कोल्हुआरा, बंदरा के प्रधानाध्यापक नरेश राय के इकलौते पुत्र तथा मेडिकल छात्र गुड्डू राजा (22) की पटना में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार गुड्डू राजा पटना में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था। उसका नामांकन वर्ष 2025-27 सत्र में पीएमसीएच के नेत्र विभाग में हुआ था। हाल ही में वह अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर आया था और 4 जून 2026 को वापस पटना लौटा था।
मृतक के पिता नरेश राय ने पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना में आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में उन्होंने बताया है कि 5 जून को शाम करीब चार बजे रूम ओनर का फोन आया कि गुड्डू राजा का कमरा अंदर से बंद है और वह दरवाजा नहीं खोल रहा है। सूचना मिलने पर जब परिवार के लोग पटना पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। उनका आरोप है कि गुड्डू राजा का मुंह गमछे से बंधा हुआ था और उसका शव पंखे से लटका मिला।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मौके से मिले कथित सुसाइड नोट पर 5 जून 2026 की रात 9:15 बजे का समय अंकित है। पिता का आरोप है कि परिस्थितियां संदेहास्पद हैं और ऐसा प्रतीत होता है कि उनके पुत्र की हत्या कर उसे पंखे से लटका दिया गया। उन्होंने आशंका जताई है कि इस घटना में रूम ऑनर सहित अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है।
पीड़ित पिता ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच, पटना भेजा गया है।बहरहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।













