Advertisement

गायघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 216 लीटर विदेशी शराब बरामद; तस्कर फरार

-गायघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 216 लीटर विदेशी शराब बरामद; तस्कर फरार

दीपक कुमार | गायघाट
गायघाट थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के बखरी केशों गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बखरी केशों गांव निवासी पप्पू राय (पिता- सुरेश राय) की टाट-फूस की मड़ई में अवैध रूप से विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की, जहां से कुल 216 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।


छापेमारी के दौरान आरोपी पप्पू राय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।