Advertisement

वाहन जांच में कांटी पुलिस को बड़ी सफलता, अवैध हथियार के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार

-वाहन जांच में कांटी पुलिस को बड़ी सफलता, अवैध हथियार के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर/कांटी। कांटी थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक शातिर अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, कांटी थाना क्षेत्र में रेलवे गुमटी के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक व्यक्ति को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार एवं कारतूस बरामद होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अपराधी की पहचान नूर मोहम्मद उर्फ दसई, निवासी कांटी थाना क्षेत्र, के रूप में हुई है। मामले की जानकारी कांटी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ पश्चिमी वन सुचित्रा कुमारी ने दी।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके अन्य आपराधिक मामलों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के बाद मामले में विधि-सम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।