-बिहार में मानसून की उल्टी गिनती शुरू, 15-16 जून तक दस्तक के आसार
-पहले झेलनी होगी भीषण गर्मी
पटना। बिहारवासियों के लिए भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर है। केरल तट पर दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने के बाद अब बिहार में भी मानसून के आगमन की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, इस वर्ष मानसून सामान्य तिथि से तीन से चार दिन की देरी से बिहार में प्रवेश कर सकता है। जहां आमतौर पर मानसून 12 से 13 जून के बीच बिहार पहुंचता है, वहीं इस बार इसके 15 से 16 जून तक राज्य में दस्तक देने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मानसून की पहली एंट्री पूर्णिया और किशनगंज के रास्ते होगी। इसके बाद धीरे-धीरे यह पूरे बिहार में फैल जाएगा। अगले एक सप्ताह में मानसून पश्चिम बंगाल में तेजी से आगे बढ़ेगा और जून के मध्य तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में बारिश शुरू हो सकती है। हालांकि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के शुरुआती आकलन में इस वर्ष मानसून सीजन के दौरान सामान्य से कम बारिश होने की आशंका भी व्यक्त की गई है।

मानसून से पहले बढ़ेगी गर्मी की मार:
मानसून के आगमन से पहले बिहार के लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई जिलों में गर्म हवाएं और उमस लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी। राजधानी पटना समेत आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन गर्मी से तत्काल राहत मिलने के आसार कम हैं।
राज्य के दक्षिणी हिस्सों में लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। गुरुवार को पटना, बक्सर, मोतिहारी, कैमूर, औरंगाबाद, डेहरी और शेखपुरा सहित सात प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा।
कई जिलों में बारिश का अलर्ट:
भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर और सीतामढ़ी जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में अगले दो से तीन घंटों के भीतर तेज बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है, जिससे तापमान में आंशिक गिरावट आने की उम्मीद है। वहीं लोगों को सलाह दी गई है कि तेज धूप और लू के दौरान आवश्यक सावधानी बरतें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।












