Advertisement

प्रसाद अस्पताल अग्निकांड: डॉक्टर समेत तीन गिरफ्तार, अस्पताल मालिक की भूमिका भी जांच के घेरे में

-प्रसाद अस्पताल अग्निकांड: डॉक्टर समेत तीन गिरफ्तार, अस्पताल मालिक की भूमिका भी जांच के घेरे में

मुजफ्फरपुर। ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से छह मरीजों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चिकित्सक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में अस्पताल प्रबंधन और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। वहीं अस्पताल के मालिक और निदेशक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने वीडियो बयान जारी कर बताया कि अग्निशमन विभाग के अनुमंडल पदाधिकारी के आवेदन पर गुरुवार को ब्रह्मपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की प्रारंभिक जांच के आधार पर अस्पताल के मेंटेनेंस हेड, एडमिनिस्ट्रेटर और आईसीयू में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों में आईसीयू में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. पंकज, मेंटेनेंस कांट्रैक्टर अमित कुमार और अस्पताल के एडमिनिस्ट्रेटर रामकुमार शामिल हैं। पूछताछ के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन रंजन ने बताया कि जांच के दौरान इन तीनों की भूमिका और लापरवाही के पर्याप्त संकेत मिले हैं। अन्य कर्मचारियों की जिम्मेदारी और भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

सिटी एसपी ने कहा कि पुलिस अस्पताल भवन के निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी मानकों के अनुपालन की भी जांच कर रही है। यदि जांच में यह पाया जाता है कि अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की या मालिक की लापरवाही से यह हादसा हुआ, तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के बाद करीब दस लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर तीन लोगों की मुख्य भूमिका सामने आने के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से यह स्पष्ट संकेत मिले हैं कि अस्पताल प्रबंधन और ऑन-ड्यूटी स्टाफ की गंभीर लापरवाही के कारण मरीजों की जान गई। मामले की जांच अभी जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।