Advertisement

दिल्ली के होटल में भीषण आग, 21 लोगों की मौत; 17 विदेशी नागरिकों के शामिल होने की आशंका

-दिल्ली के होटल में भीषण आग, 21 लोगों की मौत; 17 विदेशी नागरिकों के शामिल होने की आशंका

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक होटल में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से होटल में ठहरे 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में 17 विदेशी नागरिक शामिल हैं, जिनमें बांग्लादेश और अफ्रीकी देशों के नागरिक बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य के लिए दमकल विभाग, पुलिस तथा अन्य आपदा प्रबंधन एजेंसियों की कई टीमें मौके पर पहुंचीं।

बताया जा रहा है कि छह मंजिला होटल के ग्राउंड फ्लोर स्थित रेस्टोरेंट में आग लगी, जो देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई। आग के कारण होटल में ठहरे कई लोग अंदर ही फंस गए, जिससे जनहानि का आंकड़ा बढ़ गया।

हादसे को लेकर होटल प्रबंधन की लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, होटल का निर्माण कथित रूप से भवन निर्माण और अग्नि सुरक्षा मानकों के विपरीत किया गया था। आरोप है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।

घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने होटल मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इस भीषण अग्निकांड ने राजधानी समेत पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।