-आबकारी विभाग की विशेष पहल, 42 लीटर नेपाली शराब-बीयर के साथ तस्कर गिरफ्तार
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
नेपाल सीमा से शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष अभियान चलाया है। इसी कड़ी में रक्सौल स्थित भारत-नेपाल सीमा पर आबकारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से लाई जा रही भारी मात्रा में शराब और बीयर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
आबकारी इंस्पेक्टर सोनू कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि अहिरवाटोला मार्ग से नेपाल की शराब की खेप भारत लाई जा रही है। सूचना पर एसआई साकेत कुमार, एएसआई इंद्रजीत सिंह सहित विशेष टीम गठित कर सघन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान नेपाल की ओर से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। तलाशी में बोरे से 140 पीस नेपाली कस्तूरी शराब यानी करीब 42 लीटर और 18 पीस कैन बीयर बरामद हुई।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान सुगौली थाना क्षेत्र के सुगाव गांव निवासी नंदू साह के पुत्र प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आबकारी इंस्पेक्टर सोनू कुमार ने कहा कि सीमा क्षेत्र में शराब तस्करी रोकने के लिए विभाग लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान चला रहा है। तस्करों पर कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।














