-राजापाकर में परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ का जन संवाद कार्यक्रम आयोजित
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ प्रखंड इकाई के तत्वावधान में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य बंशीधर बृजवासी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय उच्च विद्यालय राजापाकर परिसर में महान स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय बच्चन शर्मा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन में विधान परिषद सदस्य बंशीधर बृजवासी के साथ संघ के प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार राय, विधान परिषद प्रतिनिधि अनिल कुमार राय, धर्मेंद्र कुमार गुप्ता, मोहम्मद इफ्तिखार उर्फ पप्पू, मनीष कुमार एवं सुनील कुमार सुधाकर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार राय ने की, जबकि संचालन वरीय शिक्षक मनीष कुमार ने किया।
अपने संबोधन में विधान परिषद सदस्य बंशीधर बृजवासी ने कहा कि वह आज भी स्वयं को नेता नहीं बल्कि शिक्षक मानते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया है। शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता बताते हुए उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षकों का स्थान ईश्वर से भी ऊंचा माना गया है।

उन्होंने कहा कि हाई स्कूल शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष तथा कॉलेज शिक्षकों की 65 वर्ष निर्धारित होना समानता के सिद्धांत के विपरीत है। दोनों के लिए एक समान व्यवस्था लागू होनी चाहिए। उन्होंने सदन में नई शिक्षा नीति, सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी की पुस्तकों से पढ़ाई तथा “वन नेशन, वन एजुकेशन” की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाने की बात कही।
एमएलसी ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर दूर करने के लिए प्रखंड के सभी पंचायतों में पंचायत प्रतिनिधि नियुक्त किए जाएंगे, ताकि शिक्षकों की समस्याओं को सदन तक पहुंचाकर उनका समाधान कराया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में संघ की प्रखंड इकाई का संगठनात्मक चुनाव कर शिक्षकों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस अवसर पर राजकुमार राय, सुनील कुमार सुधाकर, मनीष कुमार, राजेश कुमार, संजय राय, धर्मेंद्र कुमार, अर्जुन ठाकुर, सतीश कुमार, अमरेश कुमार, रामनरेश सिंह, अमरेंद्र कुमार मुन्ना, संजय कुमार दास, मधुबाला कुमारी, कुंदन कुमार, गौरी शंकर सुमन, रामप्रवेश शर्मा, मुकेश पंडित, रामदयाल कुमार, मनीष मणि सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।












