-नगर निगम के 46 वार्डों में 60 करोड़ की 151 योजनाओं को मंजूरी
-पहले चरण की निविदा प्रक्रिया पूरी
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
शहर के सुगम आवागमन और जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम मोतिहारी ने बड़ा कदम उठाया है। निगम क्षेत्र के सभी 46 वार्डों में पथ और नाला निर्माण से जुड़ी लगभग 60 करोड़ लागत की कुल 151 योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा। इन योजनाओं से सड़क और जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाया जाएगा।
योजनाओं के पहले चरण में 50 कार्यों के लिए करीब 24 करोड़ 53 लाख 16 हजार 750 की प्राक्कलित राशि की निविदा आमंत्रित की गई। निविदा प्रक्रिया महापौर प्रीति कुमारी और उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद की उपस्थिति में नगर आयुक्त कक्ष में संपन्न हुई। इस दौरान नगर निगम के संबंधित विभागीय अधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे।

महापौर प्रीति कुमारी ने कहा कि निगम शहर के सर्वांगीण विकास और बेहतर आधारभूत सुविधाओं को लेकर प्रतिबद्ध है। स्वच्छता के साथ-साथ मजबूत जल निकासी और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इन योजनाओं के पूरा होने से शहर में आवागमन सुगम होगा और बारिश में जलजमाव जैसी पुरानी समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
नगर निगम प्रशासन ने कहा कि बची हुई योजनाओं की निविदा प्रक्रिया भी चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। निगम का लक्ष्य मोतिहारी को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित विकसित नगर बनाना है।












