Advertisement

नालंदा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर में युवक की मौत, भाई गंभीर घायल

-नालंदा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर में युवक की मौत, भाई गंभीर घायल

नालंदा। जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

मृतक की पहचान जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के सनचौरा गांव निवासी इंद्रदेव यादव के 28 वर्षीय पुत्र श्रवण यादव के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक उसका छोटा भाई ललन कुमार बताया गया है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, दोनों भाई बालू लदे ट्रक से अरवल जिले से माल लेकर सुपौल जा रहे थे। इसी दौरान बिहटा-सरमेरा पथ पर बढ़िया गांव के पास आगे चल रहे एक हाईवा वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवा से जा टकराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए और दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सरमेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने श्रवण यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि ललन कुमार का इलाज जारी है। घायल ललन कुमार ने बताया कि अचानक ब्रेक लगने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रह सका और हादसा हो गया।

सरमेरा थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार बिंद ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और लोगों की आंखें नम हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।