-मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसा, जेसीबी से टकराई तेज रफ्तार कार, एक की मौत
मुजफ्फरपुर। सदर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गोबरसही-डुमरी रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी जेसीबी मशीन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा रात करीब तीन बजे हुआ। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों को शुरुआत में लगा कि इलाके में कोई बड़ा विस्फोट हुआ है। जब लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां का दृश्य बेहद भयावह था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और अंदर बैठे लोग खून से लथपथ हालत में फंसे हुए थे। मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस घायलों की पहचान और उनके परिजनों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।












