Advertisement

मुजफ्फरपुर में लीची की शुरुआती आवक के साथ बढ़े दाम, अधपकी लीची 400 रुपये सैकड़ा तक बिक रही

-मुजफ्फरपुर में लीची की शुरुआती आवक के साथ बढ़े दाम, अधपकी लीची 400 रुपये सैकड़ा तक बिक रही

मुजफ्फरपुर। जिले में लीची की शुरुआती आवक के साथ ही बाजार में कीमतें आसमान छूने लगी हैं। शहर के कई चौक-चौराहों पर अधपकी लीची 350 से 400 रुपये प्रति सैकड़ा तक बेची जा रही है। महंगी कीमतों को लेकर ग्राहकों में नाराजगी देखी जा रही है।

शहर के पानी टंकी समेत कई प्रमुख इलाकों में लीची के ठेले सज गए हैं। कई जगहों पर अधपकी और खट्टी लीची भी ऊंचे दामों पर बेची जा रही है। पर्व के मौसम को देखते हुए लोग मजबूरी में खरीदारी कर रहे हैं।

ग्राहकों का कहना है कि लीची अभी पूरी तरह पकी भी नहीं है, इसके बावजूद विक्रेता मनमाने दाम वसूल रहे हैं। कई लोगों ने आरोप लगाया कि अलग-अलग जगहों पर बिना किसी तय दर के अलग कीमत ली जा रही है।

इधर, सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से लग रहे लीची के ठेलों से शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। कई व्यस्त चौक-चौराहों पर सड़क किनारे ठेले खड़े रहने से जाम की स्थिति बन रही है और लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों ने यह भी शिकायत की कि लीची बिक्री के दौरान पत्ते और डंठल सड़क किनारे फेंक दिए जा रहे हैं, जिससे आसपास गंदगी फैल रही है। लोगों का कहना है कि फुटपाथी ठेलों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क अतिक्रमण हटाने, यातायात व्यवस्था सुधारने और गंदगी पर नियंत्रण के लिए जल्द कार्रवाई की मांग की है।