-राजापाकर में फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान तेज, किसानों को डिजिटल पहचान से मिलेंगे कई लाभ
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में किसान पंजीकरण अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन एवं सामुदायिक भवनों में राजस्व कर्मचारी, कृषि सलाहकार और कृषि समन्वयकों की देखरेख में फार्मर रजिस्ट्रेशन का कार्य किया जा रहा है।
अभियान के तहत फार्मर रजिस्ट्रेशन से वंचित किसानों से आधार कार्ड, मोबाइल नंबर तथा स्वयं के नाम से संबंधित जमाबंदी के कागजात लिए जा रहे हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्रेशन किसानों की डिजिटल पहचान है। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान 12 मई 2026 से 30 जून 2026 तक चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जो किसान अब तक रजिस्ट्रेशन से वंचित हैं, वे अपने पंचायत भवन या सामुदायिक भवन पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज जमा कर फार्मर रजिस्ट्रेशन अवश्य कराएं। रजिस्ट्रेशन के बाद किसानों का डिजिटल कार्ड तैयार किया जाएगा, जिसके माध्यम से उन्हें पीएम किसान योजना, फसल बीमा, केसीसी सहायता अनुदान, फसल क्षति मुआवजा सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि किसान अपने नजदीकी वसुधा केंद्र पर जाकर भी फार्मर आईडी बनवा सकते हैं तथा अपने सभी प्लॉट को फार्मर आईडी से जोड़ सकते हैं। बिहार फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल अथवा क्यूआर कोड स्कैन कर किसान स्वयं भी अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
इस अभियान में राजस्व कर्मचारी अमित कुमार, मुनाजिर हुसैन, बलवीर कुमार, प्रियबरत कुमार, कृषि सलाहकार देवेंद्र सिंह, रामदयाल राय सहित कई कर्मी सक्रिय रूप से शामिल हैं।












