Advertisement

बिहार में गर्मी का कहर: पारा 43°C पार, पटना में छोटे बच्चों के स्कूल समय में बदलाव

-बिहार में गर्मी का कहर: पारा 43°C पार, पटना में छोटे बच्चों के स्कूल समय में बदलाव

पटना।ब्यूरो।बिहार में अब गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दोपहर के समय हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राजधानी पटना का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं राज्य के कई अन्य जिलों में भी पारा 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान डेहरी (रोहतास) में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे वहां भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है।

बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। इसके तहत 21 से 25 अप्रैल तक जिले के पांचवीं कक्षा तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और प्री-स्कूल का संचालन दोपहर 12:30 बजे तक ही किया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि भीषण गर्मी में छोटे बच्चों को लू और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

गर्मी के इस बढ़ते प्रकोप ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। विशेषज्ञों ने लोगों से दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।