Advertisement

जहरीली शराब कांड में पुलिस ने गाजियाबाद से मेथनॉल आपूर्ति कंपनी के मालिक को दबोचा

-जहरीली शराब कांड में पुलिस ने गाजियाबाद से मेथनॉल आपूर्ति कंपनी के मालिक को दबोचा

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

जिले में बीते 2 अप्रैल को हुए भीषण जहरीली शराब कांड के मामले में एसआईटी ने मेथनाल स्प्रीट की यूपी के गाजियाबाद से आपूर्ति करने वाले कंपनी संचालक सतीश चन्द्र चौधरी को गाजियाबाद से दबोच लाया है। यह कार्रवाई पुलिस टीम की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि इस मामले की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ था कि “एसएस केमिकल्स” नामक कंपनी के माध्यम से खतरनाक और जहरीली मिथाइल अल्कोहल (मेथनॉल) की आपूर्ति की गई थी। इसी कड़ी में एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए कंपनी के मालिक सतीश चंद्र चौधरी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ने ही उक्त जहरीली स्प्रिट की खेप शराब कारोबारी लवकुश यादव को उपलब्ध कराई थी, जिसके बाद इस घातक रसायन का उपयोग अवैध शराब निर्माण में किया गया।


बता दें कि इस जहरीली स्प्रिट से बनी शराब के सेवन से जिले के रघुनाथपुर एवं तुरकौलिया थाना क्षेत्रों में हड़कंप मच गया था। इस त्रासदी में कुल 33 लोग इसकी चपेट में आए, जिनमें से 10 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य की हालत गंभीर बनी हुई थी। इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था और प्रशासन पर त्वरित कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था। सूत्रों के अनुसार, एसआईटी अब गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जहरीली स्प्रिट का यह नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर फैला हुआ है, इसमें और किन-किन लोगों की संलिप्तता है, तथा क्या इस कारोबार के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हुए हैं। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।