-जनगणना 2027 की तैयारी तेज: बन्दरा में प्रगणकों व सुपरवाइजर्स का प्रशिक्षण 13 अप्रैल से
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक तिवारी।
बन्दरा प्रखंड में जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रखंड मुख्यालय में 13 अप्रैल से प्रगणकों (Enumerator) और सुपरवाइजर्स के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण 24 अप्रैल तक चलेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन न्यू बीआरसी भवन एवं प्रखंड सभागार में किया जाएगा। इस दौरान कुल 252 प्रगणकों और 47 सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्य को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए 4 फील्ड ट्रेनर्स और 4 मास्टर ट्रेनर्स की तैनाती की गई है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) इस पूरी प्रक्रिया के चार्ज अधिकारी होंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, 2 मई से 31 मई तक मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) का कार्य किया जाएगा, जबकि जनगणना का पूरा कार्य फरवरी 2027 तक संपन्न करने का लक्ष्य निर्धारित है।

इस बार जनगणना की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी। सभी जानकारी मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की जाएगी, जिसमें करीब 33 से 34 प्रश्न शामिल होंगे। प्रशासन द्वारा जन-जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि कोई भी घर सर्वेक्षण से वंचित न रह जाए।
इसके साथ ही नागरिकों को स्वयं गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा भी दी गई है, जिसके तहत लोग 17 अप्रैल से 1 मई 2026 के बीच स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि सटीक और पूर्ण आंकड़े तैयार किए जा सके।










