-फरियादियों से बदसलूकी भारी: बेनीबाद के अपर थानाध्यक्ष सस्पेंड, विभाग में मची हलचल
मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार।
जिले के बेनीबाद में तैनात अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार को फरियादियों से अभद्र व्यवहार के आरोप में एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने सस्पेंड कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय द्वारा बार-बार यह निर्देश जारी किया जाता रहा है कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। बावजूद इसके, बेनीबाद ओपी में तैनात उक्त अधिकारी पर आम लोगों से रूखे और अशिष्ट तरीके से पेश आने के गंभीर आरोप लगे थे। बताया जाता है कि फोन पर जानकारी लेने वाले लोगों से भी उनका व्यवहार असंतोषजनक था, जिससे आमजन में नाराजगी बढ़ रही थी।

लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मामले की जांच का जिम्मा डीएसपी ईस्ट अलय वत्स को सौंपा। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि हुई, जिसके बाद रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी गई। रिपोर्ट मिलते ही एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार को निलंबित कर दिया।
एसएसपी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही की दिशा में सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। स्पष्ट कर दिया गया है कि वर्दी का दुरुपयोग कर आम लोगों के सम्मान से खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल, यह मामला जिले भर में चर्चा का विषय बना हुआ है और इसे पुलिस व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।












