–शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दालान जलकर राख
राजापाकर/विदुपुर। संजय श्रीवास्तव।
विदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरा पोखर के निकट रविवार की सुबह बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिसमें सहोदर भाइयों लालू सिंह एवं महेंद्र सिंह का दालान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दालान में घरेलू सामान सहित अन्य जरूरी वस्तुएं रखी हुई थीं।

अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण दालान में रखा सामान नहीं बचाया जा सका।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस अगलगी की घटना में काफी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से अग्नि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।









