–1101 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा से विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ, गौसपुर धाम में उमड़ा जनसैलाब
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड के गौसपुर बरियारपुर पंचायत स्थित गौसपुर धाम में राम जानकी मठ परिसर में आयोजित 11 दिवसीय श्री श्री 1008 विष्णु महायज्ञ एवं अष्टयाम यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर 1101 महिलाओं ने हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे के साथ आकर्षक शोभायात्रा निकाली।
कलश यात्रा नवानगर गंगा घाट से शुरू हुई, जहां महिलाओं ने कलश में गंगाजल भरा। इसके बाद यात्रा विभिन्न चौक-चौराहों और बाजारों का भ्रमण करते हुए दोपहर करीब 2 बजे यज्ञ स्थल पहुंची। यहां पहुंचकर श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ स्थल की पांच बार परिक्रमा कर विधिवत कलश स्थापना की।
ग्रामीणों के सहयोग से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महायज्ञ का आयोजन 19 मार्च से 29 मार्च तक किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार शुक्रवार को बेदी पूजन और मंडप पूजन होगा, वहीं प्रतिदिन शाम 6 बजे से श्रीमद्भागवत कथा तथा रात 9 बजे से अयोध्या की भव्य रामलीला का मंचन किया जाएगा।

28 मार्च को यज्ञ पूर्णाहुति के बाद रात्रि में शुभ विवाह कीर्तन का आयोजन होगा, जबकि 29 मार्च को दुगोला महामुकाबला आयोजित किया जाएगा। इसमें अरवल के प्रसिद्ध व्यास सुदर्शन यादव और बक्सर के प्रसिद्ध व्यास बुढा सिंह के बीच मुकाबला आकर्षण का केंद्र रहेगा। 30 मार्च को बबीता किन्नर द्वारा भव्य जागरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
महायज्ञ की व्यवस्था में विपिन राय, गुलशन राय, हरिवंश राय, रघुवंश राय, आलोक कुमार, मिथिलेश कुमार, रंजीत कुमार, भोला सिंह, भूषण सिंह और राम पधर्ष राय सहित कई ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
यज्ञ स्थल पर भव्य मेले का भी आयोजन किया गया है, जहां झूले, सौंदर्य प्रसाधन और मिठाइयों की दुकानें सजी हैं। साथ ही 51 देवी-देवताओं की आकर्षक मूर्तियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दूर-दूर से लोग इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।











