Advertisement

बदलते मौसम का असर: बन्दरा सीएचसी में बढ़ी मरीजों की भीड़, सर्दी-जुकाम, बुखार व चर्म रोग के मामलों में इजाफा

-बदलते मौसम का असर: बन्दरा सीएचसी में बढ़ी मरीजों की भीड़, सर्दी-जुकाम, बुखार व चर्म रोग के मामलों में इजाफा

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक कुमार तिवारी।

मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड स्थित बन्दरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी देखी जा रही है। बदलते मौसम, गिरते तापमान और लोगों की अनियमित दिनचर्या का सीधा असर स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। अस्पताल में प्रतिदिन सर्दी-जुकाम, बुखार, बदन दर्द, लोअर बैक पेन और चर्म रोग से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार सुबह से ही ओपीडी में मरीजों की लंबी कतार लग रही है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं में सर्दी-खांसी और बुखार की शिकायत अधिक देखी जा रही है, जबकि कई लोग त्वचा संबंधी संक्रमण और जोड़ों के दर्द से भी परेशान हैं।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नौशाद अहमद ने शुक्रवार को बताया कि प्रतिदिन आने वाले मरीजों में लगभग 40 प्रतिशत लोग मौसमी बीमारियों से ग्रसित मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंदे पानी का सेवन, साफ-सफाई में लापरवाही, धूल-धुएं का बढ़ता असर और मौसम में अचानक बदलाव इन समस्याओं की मुख्य वजह है।


उन्होंने बताया कि पूरे प्रखंड क्षेत्र के गांवों से लोग इलाज के लिए सीएचसी पहुंच रहे हैं। अस्पताल में मरीजों को आवश्यक जांच, दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि बीमारी गंभीर रूप न ले सके।
डॉ. अहमद ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि खान-पान पर विशेष ध्यान दें, ताजा व गर्म भोजन करें, गुनगुना पानी पिएं और साफ पानी का ही उपयोग करें। साथ ही सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनें, ठंड से बचाव करें और नियमित रूप से हाथ धोने व साफ-सफाई की आदत अपनाएं।
उन्होंने कहा कि इन दिनों छोटी-छोटी लापरवाही भी लोगों को बीमार बना रही है। समय रहते सतर्कता और बचाव ही मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रहने का सबसे कारगर उपाय है। अस्पताल प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।