Advertisement

सिवान में रंगदारी कांड: दो आरोपी अब भी फरार, व्यवसायी परिवार दहशत में, गिरफ्तारी की मांग तेज

–सिवान में रंगदारी कांड: दो आरोपी अब भी फरार, व्यवसायी परिवार दहशत में, गिरफ्तारी की मांग तेज

सिवान। शहर के एक चर्चित रंगदारी मामले में पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कुख्यात अपराधी जीवन यादव के शागिर्द विशाल सिंह और योगेंद्र चौधरी को अबतक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है, जिससे पीड़ित व्यवसायी अमन कुमार राज और उनका परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।
जानकारी के अनुसार, मैरवा कांड संख्या 364/25 में नगर के व्यवसायी अमन राज से जमीन विवाद को लेकर जीवन यादव, विशाल सिंह और योगेंद्र चौधरी ने न सिर्फ धमकी दी, बल्कि दस लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इस मामले में 30 अगस्त 2025 को मैरवा थाना में तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर बीएनएस की धारा 308 (2), (3) और (5) के तहत केस दर्ज किया गया।


पुलिस ने जांच में आरोपों को सत्य पाया और न्यायालय ने भी आरोपियों को राहत नहीं दी। जिला व अपर सत्र न्यायाधीश ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद भी दो आरोपी अबतक फरार हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी खुलेआम शहर में घूम रहे हैं और विभिन्न कार्यक्रमों में भी हिस्सा ले रहे हैं।
हालांकि इस मामले में एक आरोपी जीवन यादव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन बाकी दोनों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित व्यवसायी ने सिवान एसपी से लेकर मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और डीजीपी तक से सुरक्षा व आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।
उधर बिहार सरकार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कोई भी अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ता जा रहा है, जबकि व्यवसायी परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।