Advertisement

चलती थार में लगी भीषण आग, सगुना मोड़ पर मची अफरातफरी, बड़ा हादसा टला

–चलती थार में लगी भीषण आग, सगुना मोड़ पर मची अफरातफरी, बड़ा हादसा टला

पटना। बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब सगुना मोड़ के समीप चलती थार गाड़ी में अचानक आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी से पहले धुआं उठता दिखा और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। स्थिति भांपते ही वाहन में सवार लोगों ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई। समय रहते बाहर निकल जाने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।


स्थानीय लोगों की सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक थार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
आग लगने की घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। दमकल कर्मियों के प्रयास के बाद हालात सामान्य हुए और आवागमन दोबारा शुरू कराया गया।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। समय रहते लोगों की सतर्कता और दमकल टीम की तेजी से एक बड़ा हादसा टल गया।