–राजापाकर दक्षिणी पंचायत में प्रधानमंत्री आवास लाभुकों के लिए जॉब कार्ड शिविर, दर्जनों महिलाओं की उमड़ी भीड़
राजापाकर – संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर दक्षिणी पंचायत के पंचायत भवन परिसर में प्रधानमंत्री आवास योजना के चयनित लाभुकों का मनरेगा जॉब कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सुबह से ही लाभुकों, खासकर महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई। दर्जनों महिलाएं आवश्यक कागजात के साथ जॉब कार्ड बनवाने पहुंचीं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए आवास सहायक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में शामिल सभी लाभुकों के लिए मनरेगा के तहत जॉब कार्ड बनाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जॉब कार्ड के अभाव में भवन निर्माण के बाद मिलने वाली मजदूरी की राशि से लाभुक वंचित रह सकते हैं, इसलिए सभी पात्र लोगों को समय पर कार्ड बनवाना जरूरी है।

शिविर में मनरेगा कंप्यूटर ऑपरेटर रवि कुमार, डीएफडी नीतीश कुमार, पीआरएस सुनील कुमार, मुखिया प्रमिला देवी, उपमुखिया कुमारी संजू रानी एवं प्रमुख प्रतिनिधि नथुनी प्रसाद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और कर्मी सक्रिय रहे। सभी ने लाभुकों को जागरूक कर शिविर तक लाने में सहयोग किया।
प्रमुख प्रतिनिधि नथुनी प्रसाद सिंह ने बताया कि जो लाभुक आज के शिविर में किसी कारणवश नहीं पहुंच पाए हैं, उनके घर-घर जाकर मनरेगा कर्मी एवं आवास सहायक जॉब कार्ड बनाने का कार्य करेंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
जॉब कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक और एक फोटो आवश्यक है। पंचायत में कुल 1608 प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुक हैं, जिनमें सभी वर्गों के लोग शामिल हैं। पंचायत प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी लाभुकों को जल्द से जल्द जॉब कार्ड उपलब्ध कराकर योजनाओं का पूरा लाभ दिलाया जाए।












