Advertisement

महाशिवरात्रि यज्ञ महोत्सव की हुई भव्य शुरुआत, महारुद्राभिषेक व हनुमान आराधना से भक्तिमय हुआ शिवशक्ति धाम

–महाशिवरात्रि यज्ञ महोत्सव की हुई भव्य शुरुआत, महारुद्राभिषेक व हनुमान आराधना से भक्तिमय हुआ शिवशक्ति धाम

मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।
मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत शिवशक्ति धाम, बरियारपुर मोहनपुर में शुक्रवार को महारुद्राभिषेक एवं हनुमान आराधना के साथ चार दिवसीय महाशिवरात्रि यज्ञ महोत्सव एवं संगीत सम्मेलन के 39वें अधिवेशन की भव्य शुरुआत हुई। कार्यक्रम के आरंभ होते ही पूरा मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग गया।
शिवशक्ति धाम बरियारपुर मोहनपुर में बाबा बुद्धेश्वरनाथ महादेव का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद स्थानीय कलाकारों द्वारा संगीतमय हनुमान आराधना प्रस्तुत की गई, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भजन-कीर्तन में लीन नजर आए।


धर्मादा कमिटी के तत्वावधान में आयोजित इस महायज्ञ में हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। कमिटी अध्यक्ष विमल कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से 39वें अधिवेशन के अंतर्गत चार दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम के तहत शनिवार को 24 घंटे अखंड शिव महामंत्र अष्टयाम एवं हवन की शुरुआत होगी। रविवार को अष्टयाम की पूर्णाहुति के बाद रात्रि में महाशृंगार एवं शिव विवाह महोत्सव मनाया जाएगा। वहीं स्थानीय महिलाओं द्वारा चौठारी महोत्सव भी आयोजित किया जाएगा। सोमवार को भव्य संगीत सम्मेलन के साथ महोत्सव का समापन होगा।
यज्ञ महोत्सव को सफल बनाने में कमिटी के उपाध्यक्ष कौशल किशोर ठाकुर, सीताराम सिंह, रमेश ठाकुर, नारायण गिरी, अजित शरण, राघवेंद्र ठाकुर, संजीव ठाकुर, मुकेश सिंह, सुशील ठाकुर, गंधिर झा, बैजू झा, गोलू गिरी, हरिओम झा, अखिलेश गिरी सहित दर्जनों ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है और शिवभक्त बड़ी श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।