-नल-जल योजना को बेहतर बनाने के लिए एक्सपोजर विजिट, 35 पंप चालक व समिति सदस्यों ने सीखे प्रबंधन के गुर
मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत वार्ड संख्या 10 एवं हत्था पंचायत के वार्ड संख्या 15 में समुदाय आधारित ग्रामीण आजीविका कार्यक्रम के तहत राजापाकर प्रखंड के 35 पंप चालकों/अनुरक्षकों तथा वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति के सदस्यों का एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने नल-जल योजना के सफल संचालन और रखरखाव की बारीकियों को नजदीक से समझा।
विजिट के दौरान पूर्व में योजना संचालन में आने वाली समस्याओं एवं उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत एवं वार्ड स्तर पर किस प्रकार समन्वय बनाकर समस्याओं का निराकरण किया गया, इसके व्यावहारिक अनुभव साझा किए गए। साथ ही दस्तावेजों के डिजिटल संधारण और रिकॉर्ड प्रबंधन के महत्व पर भी जानकारी दी गई।

मुन्नी बैंगरी पंचायत के मुखिया दीपक कुमार तथा अनुरक्षक गोपाल कुमार और मनोज जी ने प्रतिभागियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव साझा करते हुए बेहतर संचालन के उपाय बताए।
कार्यक्रम में आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम (भारत) के प्रतिनिधि जितेश कुमार (राजापाकर, वैशाली), बंदरा से आलोक कुमार, अवधेश कुमार एवं सुनेहा कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इस एक्सपोजर विजिट से प्रतिभागियों को नल-जल योजना के संचालन में दक्षता बढ़ाने और गांवों में पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में मदद मिलने की उम्मीद जताई गई।












