Advertisement

पीएमसीएच के पुनर्विकास कार्य का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण, 5462 बेड क्षमता वाले अस्पताल को समय सीमा में पूरा करने का निर्देश

-पीएमसीएच के पुनर्विकास कार्य का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण, 5462 बेड क्षमता वाले अस्पताल को समय सीमा में पूरा करने का निर्देश

पटना। दीपक कुमार तिवारी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) के पुनर्विकास एवं निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित आपातकालीन भवन (फेज-1) के प्रथम तल पर स्थित रेडियोलॉजी विभाग का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि विभाग में विश्वस्तरीय सीटी स्कैन, एमआरआई मशीनों सहित आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे मरीजों को बेहतर जांच एवं उपचार की सुविधा मिलेगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री पांचवें तल पर पहुंचे और शिशु विभाग में एनआईसीयू (निओनेटिकल इंटेंसिव केयर यूनिट), नर्स स्टेशन, स्वच्छ एवं मलिन वस्त्र भंडार समेत अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में चल रहे पुनर्विकास कार्यों की भी विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि पीएमसीएच को 5462 बेड क्षमता वाले अत्याधुनिक अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां मरीजों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से कोई समझौता न हो। साथ ही चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए बेहतर आवासीय सुविधा का निर्माण भी शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और समय पर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ पर विकसित किए जा रहे पार्क एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, विशेष सचिव हिमांशु शर्मा, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, पीएमसीएच अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित थे।