-सुन्दरकाण्ड व ध्वजा रोहण से चैत्र नवरात्रा महोत्सव का संकल्प पूजन, चैत्र में 10 दिनों तक गूंजेगी श्रीराम कथा
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
चैत्र नवरात्रा दुर्गा पूजा एवं श्रीरामकथा के पावन अवसर पर मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड अंतर्गत बुनियादी विद्यालय पियर ब्रह्मस्थान परिसर में 10 दिवसीय भक्ति कार्यक्रम का भव्य आयोजन होगा। आज सुन्दरकाण्ड पाठ एवं ध्वजा रोहण के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का विधिवत संकल्प किया गया।संकल्प पूजन के दौरान वातावरण जयकारों और भक्ति गीतों से गुंजायमान हो उठा।
आयोजकों ने बताया कि इस स्थल पर पूर्व में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा चुका है, लेकिन इस बार चैत्र नवरात्रा के शुभ अवसर पर श्रीरामकथा का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक कार्यक्रम 19 मार्च से 28 मार्च तक चलेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत 19 मार्च को 551 कन्याओं द्वारा भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। इसके बाद 20 मार्च से 28 मार्च तक वृंदावन धाम के प्रख्यात कथावाचक आचार्य महेश्वरकृष्ण सांवरिया जी महाराज द्वारा नौ दिवसीय श्रीराम कथा का रसपान कराया जाएगा।
ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है। पूरे आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय मानी जा रही है।











