Advertisement

करेंट की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्ची की झुलसकर मौत, बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन

-करेंट की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्ची की झुलसकर मौत, बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर/कटरा।दीपक।
जिले के कटरा थाना क्षेत्र के तेहवारा पंचायत अंतर्गत धनवाड़ा (मोहना) गांव में दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्ची की करेंट लगने से झुलसकर मौत हो गई। मृतका की पहचान मोहना गांव निवासी रंजीता कुमारी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रंजीता कुमारी गांव के बगीचे में मवेशियों के लिए चारा लाने गई थी। उसी दौरान ऊपर से गुजर रहे बिजली के खुले तार पर उसके हाथ में लिए बांस की लग्घी सट गई। अचानक तेज करेंट लगने से बच्ची बुरी तरह झुलस गई और मौके पर ही गिर पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े और बच्ची को उठाकर घर पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।


मासूम बच्ची की मौत से गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही कटरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर आगजनी कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान “बिजली विभाग मुर्दाबाद” के नारे भी लगाए गए।
फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है।