Advertisement

समृद्धि यात्रा में मुजफ्फरपुर को 853 करोड़ की सौगात, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विकास योजनाओं का खोला पिटारा

-समृद्धि यात्रा में मुजफ्फरपुर को 853 करोड़ की सौगात, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विकास योजनाओं का खोला पिटारा

मुजफ्फरपुर।दीपक।
समृद्धि यात्रा के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुजफ्फरपुर पहुंचे, जहां सत्ता, सियासत और विकास एक ही मंच पर साकार होते नजर आए। करीब दो घंटे के दौरे में मुख्यमंत्री ने जिले को 853 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देकर यह स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार की प्राथमिकता ज़मीनी विकास और भविष्य की ठोस तैयारी है।
जीरोमाइल स्थित बाजार समिति परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिरकत की और जनता के सामने जिले के विकास का विस्तृत खाका रखा। इस दौरान उन्होंने कुल 172 योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास एवं कार्यारंभ किया। इनमें 212 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 47 योजनाओं का लोकार्पण, 194 करोड़ रुपये की 89 योजनाओं का शिलान्यास तथा 447 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 योजनाओं का कार्यारंभ शामिल है। इन योजनाओं के लिए निविदा प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली गई है। राजनीतिक गलियारों में इस दौरे को घोषणाओं से ज्यादा अमल की दस्तक के तौर पर देखा जा रहा है।
विकास कार्यों की समीक्षा के क्रम में मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न परियोजनाओं से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट उन्हें सौंपी गई। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री बखरी चौक भी पहुंचे, जहां फोर लेन सड़क और निर्माणाधीन चंदवारा पुल फेज-टू के संपर्क पथ की प्रगति की जानकारी दी गई। इस अवसर पर एनएचएआई के अधिकारियों ने भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर प्रस्तुति दी।


अधिकारियों ने बताया कि मुजफ्फरपुर ईस्ट बाइपास का एलाइनमेंट तय कर लिया गया है। वहीं रामदयालु जंक्शन के समग्र विकास की योजना भी अंतिम चरण में है। इसके तहत रामदयालुनगर में सर्कुलर रोड का निर्माण किया जाएगा, जहां से मधौल, दिघरा और खबड़ा की ओर तीन एलिवेटेड सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। इससे शहर की जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनके उत्पादों की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने बाजार समिति परिसर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। मौके पर मुख्यमंत्री ने 71 करोड़ रुपये की लागत से बने प्रशासनिक भवन तथा 283 नई दुकानों का उद्घाटन किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की कि अगले पांच वर्षों में राज्य के एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए कौशल विकास विभाग का गठन किया जाएगा। सात निश्चय योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार हर वादा समय पर पूरा करेगी और यही समृद्धि यात्रा का मूल उद्देश्य है।