-पूर्व उप प्रधानमंत्री बिमलेंद्र निधि ने कलना व फूलहर गिरिजा स्थान में की पूजा-अर्चना
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
नेपाल के पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं नेपाली कांग्रेस के धनुषा–3 से सांसद प्रत्याशी बिमलेंद्र निधि ने मंगलवार को रामायणकालीन महत्व वाले धार्मिक स्थलों कलना और फूलहर (गिरिजा स्थान) में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उनके साथ विधायक राम सरोज यादव, कांग्रेसी नेता गणेश तिवारी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बिमलेंद्र निधि का पैतृक गांव नगराइन भारत-नेपाल सीमा से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। जानकारी के अनुसार वे बाल्यकाल से ही कलना के महादेव मंदिर में पूजा करते आ रहे हैं तथा ब्रह्मलीन परमहंस बाबा का दर्शन किया करते थे। इसके पश्चात वे फूलहर गिरिजा स्थान में भी नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते रहे हैं। राजनीतिक व्यस्तताओं के बावजूद वे आज भी समय निकालकर इन पवित्र स्थलों पर दर्शन के लिए आते रहते हैं।

पूर्व उप प्रधानमंत्री बिमलेंद्र निधि रामायणकालीन धरोहर कलना और फूलहर के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने इन स्थलों के विकास को लेकर भारत सरकार से कई बार वार्ता की है। उल्लेखनीय है कि फूलहर का बाग-तड़ाग वह पावन स्थल है, जहां प्रभु श्रीराम और माता सीता का प्रथम मिलन हुआ था।
क्षेत्रीय आधारभूत संरचना के विकास में भी बिमलेंद्र निधि की अहम भूमिका मानी जाती है। पिपरौन से जटही तक फोर लेन सड़क निर्माण के लिए उन्होंने भूतल परिवहन मंत्री नितिन जयराम गडकरी से मुलाकात की थी। इसके अलावा ढल्केबर से जटही तक सिक्स लेन सड़क तथा अयोध्या से जनकपुरधाम को जोड़ने वाली भारतमाता परियोजना में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान बताया जाता है।
पूजा-अर्चना के दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग उनके दर्शन के लिए उपस्थित रहे।














