Advertisement

युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल, मार्कन चौक जाम

-युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल, मार्कन चौक जाम

-परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मुजफ्फरपुर।
मनियारी थाना क्षेत्र के मार्कन चौक पर बुधवार को भारी हंगामा देखने को मिला, जहां आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। जाम का कारण पांच दिन पूर्व लापता युवक का शव मनियारी रेलवे ट्रैक पर मिलना और पोस्टमार्टम के बाद पहचान कराए बिना शव का अंतिम संस्कार किए जाने का आरोप है।
मिली जानकारी के अनुसार, मनियारी थाना क्षेत्र निवासी मनीष 15 जनवरी को अपनी मां की दवा लाने के लिए मार्कन चौक की ओर निकला था, लेकिन इसके बाद वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच मनियारी रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना सामने आई, जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद पहचान कराए बिना जला दिए जाने की बात कही जा रही है।


अब स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि रेलवे ट्रैक पर मिला शव उसी लापता युवक मनीष का था। परिजनों ने पूरे मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि अगर समय रहते पहचान कराई जाती, तो सच्चाई सामने आ सकती थी।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने मार्कन चौक को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। जाम के दौरान लोग बड़े अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा।
फिलहाल जाम जारी थी और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था। परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।