Advertisement

बिजली शार्ट सर्किट से भीषण अग्निकांड, सुरेश चौधरी का घर जलकर राख

-बिजली शार्ट सर्किट से भीषण अग्निकांड, सुरेश चौधरी का घर जलकर राख

मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
बन्दरा प्रखंड के सिमरा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 06 में गुरुवार की देर शाम बिजली की शार्ट सर्किट से भीषण अग्निकांड हो गया। इस हादसे में सुरेश चौधरी का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आगजनी की इस घटना में करीब छह लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
सिमरा पंचायत के मुखिया पवन कुमार पंडित ने देर शाम बताया कि घटना के समय पीड़ित परिवार की महिला सिमरा हाट गई हुई थी। पुरुष बाहर थे। इसी दौरान घर में बिजली की लाइन में अचानक शार्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई और देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई।


आग की चपेट में आने से घर के साथ जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात, करीब 35 हजार रुपये नकद, बर्तन, अनाज, कपड़े सहित घरेलू उपयोग की लगभग सभी सामग्री जलकर नष्ट हो गई। आग लगते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और काफी मशक्कत के बाद अपने स्तर से आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम और पियर थाना की गश्ती गाड़ी मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर नियंत्रण पा लिया था। हालांकि तब तक पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हो चुका था।
बताया गया कि यह घटना देर शाम करीब साढ़े छह बजे के बाद की है। आगजनी के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है और प्रशासन से आपदा राहत व मुआवजे की मांग कर रहा है।बन्दरा सीओ अंकुर राय ने बताया कि मामले में राजस्व कर्मचारी को आवश्यक जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।