-घटिया सड़क निर्माण पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क जाम कर किया हंगामा
राजापाकर (वैशाली) | संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर प्रखंड में घटिया सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आ गया। राजापाकर दक्षिणी पंचायत एवं बैकुंठपुर पंचायत की सीमा पर बनी राजापाकर छावनी टोला सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हल्ला-हंगामा किया।
ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़कें कमीशनखोरी और ठेकेदारों की मनमानी की भेंट चढ़ जाती हैं। नतीजा यह होता है कि सड़कें पांच साल तो दूर, दो साल के भीतर ही टूटने लगती हैं, जिसका खामियाजा राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को भुगतना पड़ता है। शिकायत के बावजूद जिम्मेदार पदाधिकारी कोई ठोस कार्रवाई नहीं करते, जिससे पूरे मामले में मिलीभगत की आशंका और गहरी हो जाती है।
बताया गया कि बैकुंठपुर पश्चिमी में उपेंद्र झा के घर के पास से गुजरने वाली राजापाकर छावनी टोला सड़क की लंबाई लगभग दो किलोमीटर है, जिसकी प्राक्कलित राशि करीब 1 करोड़ 46 लाख रुपये है।

मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क सड़क योजना के तहत वर्ष 2023 में पूर्व विधायक प्रतिमा कुमारी की अनुशंसा पर इस सड़क का निर्माण कराया गया था। संवेदक ललन सिंह द्वारा बनाई गई इस सड़क में पांच साल के रखरखाव की जिम्मेदारी होने के बावजूद दो साल बीतने के बाद भी मरम्मत नहीं कराई गई।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। निर्माण के दौरान बीच-बीच में तीन पुलिया बनाई गई हैं, लेकिन उनके पास डायवर्सन सही तरीके से नहीं बनने के कारण सड़क धंस गई है। पुलिया के अगल-बगल बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे आवागमन खतरनाक हो गया है। रात के अंधेरे में कई लोग इन गड्ढों में गिरकर घायल भी हो चुके हैं। सड़क के दोनों किनारों पर भी गहरे गड्ढे हैं, जिससे दो वाहन आमने-सामने आने पर पलटने का खतरा बना रहता है।
यह सड़क बैकुंठपुर, भलुई और बाकरपुर की ओर से आने वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर तक पहुंचने का शॉर्टकट मार्ग है, लेकिन इसकी जर्जर हालत से मरीजों और आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन में जदयू नेता संजय कुशवाहा, राजदेव सिंह, रमन सिंह, शंकर सिंह, अमरजीत सिंह, इंद्रजीत सिंह, राकेश सिंह, दिलीप कुमार, मिथिलेश सिंह, किशोरी सिंह, अशोक कुमार, रामाश्रय सिंह, प्रतीक रंजन, रामा सिंह, हिमांशु रंजन सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।
प्रदर्शनकारियों ने जिला पदाधिकारी वैशाली से मांग की कि सड़क निर्माण के संवेदक को शीघ्र मरम्मत कार्य का निर्देश दिया जाए, ताकि सड़क के बड़े गड्ढों और पुलों के पास बने खतरनाक डायवर्सन को ठीक किया जा सके और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।














