-सीपीआईएमएल लिबरेशन का स्थापना दिवस मनाया गया, विनोद मिश्र को किया गया याद
राजापाकर – संजय श्रीवास्तव।
बराटी थाना क्षेत्र के बिदुपुर स्टेशन स्थित भाकपा (माले) नेता कामरेड ज्वाला प्रसाद के आवास पर सीपीआईएमएल लिबरेशन पार्टी का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश प्रसाद सिंह ने की, जबकि संचालन कामरेड डॉ. ज्वाला प्रसाद ने किया।
इस अवसर पर डॉ. ज्वाला प्रसाद ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव विनोद मिश्र के जीवन एवं संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों और योगदान को याद किया। वहीं अधिवक्ता सुरेश प्रसाद सिंह ने सीपीआईएमएल लिबरेशन के स्थापना दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जब बिहार में समानता के नाम पर जनता पर अत्याचार, जुर्म और नरसंहार हो रहे थे, तब पार्टी ने उसके खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई।

उन्होंने बताया कि सीपीआईएमएल ने डी. बंधोपाध्याय भूमि सुधार आयोग की सिफारिशों को लागू कराने के लिए जन आंदोलन तेज किया, जिसमें पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं की हत्या हुई, हजारों घायल हुए और अनेक को जेल की सजा भुगतनी पड़ी।
गौरतलब है कि सीपीआईएमएल के स्थापना दिवस पर ही पार्टी के कद्दावर नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय महासचिव विनोद मिश्र की जयंती भी मनाई जाती है। वक्ताओं ने उन्हें गरीबों पर होने वाले जुल्म और सामंती अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करने वाला सच्चा जननेता बताया। उनके विचारों को याद करते हुए कहा गया कि उन्होंने एक ऐसे भारत का सपना देखा था, जहां हर नागरिक की राजनीतिक मुक्ति सर्वोपरि हो, असहमति की वैधता हो और देश एक धर्मनिरपेक्ष राज्य के रूप में वैज्ञानिक एवं तार्किक सोच को बढ़ावा दे।
कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे। मौके पर अधिवक्ता सुरेश प्रसाद सिंह, डॉ. ज्वाला प्रसाद, हरिनारायण सिंह, रामनाथ राय, संजय सिंह, उमेश राय, डॉ. रंजीत कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।











