Advertisement

दलित कर्मचारी को धमकी मामला: राजद विधायक भाई वीरेंद्र की बढ़ीं मुश्किलें, अब एमपी-एमएलए कोर्ट में होगी सुनवाई

-दलित कर्मचारी को धमकी मामला: राजद विधायक भाई वीरेंद्र की बढ़ीं मुश्किलें, अब एमपी-एमएलए कोर्ट में होगी सुनवाई

पटना।ब्यूरो। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विधायक भाई वीरेंद्र की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दलित कर्मचारी को कथित रूप से अपमानित करने और धमकी देने के मामले में अब उनके खिलाफ विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई होगी। पुलिस इस प्रकरण में पहले ही 28 नवंबर को आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है।

जानकारी के अनुसार, एससी/एसटी मामलों के विशेष न्यायाधीश पंकज चौहान ने इस केस को सांसदों एवं विधायकों से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत में स्थानांतरित करने का आदेश दिया है। अब इस मामले की सुनवाई विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश धनंजय कुमार मिश्रा करेंगे।

मामला 26 जुलाई 2025 का बताया जा रहा है। पटना जिले के मनेर प्रखंड अंतर्गत सराय पंचायत के पंचायत सचिव संदीप कुमार ने 28 जुलाई 2025 को हरिजन थाना में कांड संख्या 47/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अपने आवेदन में पंचायत सचिव ने आरोप लगाया था कि विधायक भाई वीरेंद्र ने उन्हें धमकी दी और जातिसूचक व अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया।

यह प्रकरण उस समय खासा चर्चा में आया था, जब कथित धमकी से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने अपनी जांच के दौरान पंचायत सचिव के बयान के साथ-साथ वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग को भी अहम साक्ष्य के रूप में चार्जशीट में शामिल किया है। वायरल ऑडियो में विधायक द्वारा कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है।

पुलिस जांच पूरी होने के बाद करीब 50 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट अदालत में दाखिल की गई है। इससे पहले विधायक भाई वीरेंद्र ने मामले में अदालत के समक्ष बंधपत्र भी दाखिल किया था। अब आरोपपत्र दाखिल हो जाने के बाद कोर्ट इस मामले में अगली सुनवाई की तिथि तय करेगा।

फिलहाल, इस पूरे मामले पर राजद विधायक भाई वीरेंद्र की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।