-मुख्यमंत्री ने कच्ची दरगाह–बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के द्वितीय चरण का किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने का निर्देश
पटना(बिहार)।दीपक कुमार तिवारी
बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कच्ची दरगाह–बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के द्वितीय चरण के तहत हाजीपुर-महनार पथ से चकसिकंदर तक हो रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्यों को तेज गति से पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के प्रथम चरण के लोकार्पण के बाद पटना से राघोपुर तक आवागमन की सुगमता बढ़ी है। उन्होंने बताया कि वह लगातार परियोजना के कार्यों की समीक्षा करते रहे हैं ताकि इसे समय पर पूरा किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य संरचना के साथ-साथ पहुंच पथों का निर्माण भी जल्द पूरा किया जाए, जिससे यातायात निर्बाध और सुचारू रूप से संचालित हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से राजधानी पटना से जुड़ाव और मजबूत होगा, जिससे कृषि, उद्योग और अन्य व्यवसायों के विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही आकस्मिक चिकित्सा के लिए पटना पहुंचने में मरीजों को भी काफी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि नए पुल के निर्माण से महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का भार कम होगा और उत्तर एवं दक्षिण बिहार के बीच आवागमन के लिए एक और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे लोग पटना शहर में प्रवेश किए बिना ही विभिन्न जिलों की ओर आसानी से आ-जा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण सड़कों और पुलों के निर्माण से संपर्क व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, बीआरपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित थे।











