-राजापाकर में भाषा उत्सव 2025 का आयोजन, छात्रों ने दिखाई भाषाई विविधता की झलक
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। वैशाली जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी विद्यालयों में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं कवि सुब्रमण्यम भारती की जयंती के अवसर पर भारतीय भाषा उत्सव 2025 आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजापाकर में भाषा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया।
4 से 11 दिसंबर तक चलने वाले इस विशेष उत्सव के तहत विद्यालय में “कई जुबान—एक भाषा” थीम पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाचार्य केशव नारायण राय ने की।

छात्रों ने भाषण, निबंध, वाद-विवाद, संस्मरण, लोकगीत, कविता आदि प्रस्तुत कर भारतीय भाषाओं की विविधता, समृद्ध संस्कृति और आपसी एकता का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में शिक्षक रवींद्र कुमार रवि, प्रवीण कुमार, सुनील कुमार, मधु कुमार, रमेश कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि भाषा उत्सव विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति क्षमता, रचनात्मकता और भाषाई जागरूकता को बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम है।












