Advertisement

बांका में प्रधानाचार्य बैठक का समापन: राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और पंचपदी शिक्षण पद्धति पर हुआ गहन मंथन

-बांका में प्रधानाचार्य बैठक का समापन: राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और पंचपदी शिक्षण पद्धति पर हुआ गहन मंथन

बांका।संवाददाता।

स्थानीय चमन साह सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित प्रधानाचार्य बैठक के द्वितीय एवं समापन दिवस का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विभाग निरीक्षक श्री उमाशंकर पोद्दार (गया), श्री सतीश कुमार (भागलपुर), श्री लाल बाबू यादव (भोजपुर), श्री गंगा चौधरी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मिथिलेश ठाकुर ने संयुक्त रूप से किया।

समापन दिवस के सत्र में गया विभाग के विभाग निरीक्षक उमाशंकर पोद्दार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और सीबीएसई द्वारा बच्चों के समग्र विकास के लिए अपनाई गई प्रणालियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ भावनात्मक जुड़ाव शिक्षण प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा है। पोद्दार ने विद्या भारती द्वारा विकसित बहुआयामी पंचपदी शिक्षण पद्धति को शिक्षा का आधार बनाने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार और छात्रों के सर्वांगीण विकास पर अपने विचार रखते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास पर दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ है, जिस पर गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है।

अंत में भोजपुर विभाग के विभाग निरीक्षक लाल बाबू यादव ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य और सभी आचार्य-बंधु भगिनियों के प्रति आभार व्यक्त किया और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्यगण एवं दीदी जी उपस्थित रहे।