Advertisement

राजापाकर में दिवंगत कामरेड विशेश्वर प्रसाद यादव को श्रद्धांजलि, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दी अंतिम विदाई

-राजापाकर में दिवंगत कामरेड विशेश्वर प्रसाद यादव को श्रद्धांजलि, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दी अंतिम विदाई

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव।

राजापाकर थाना क्षेत्र के रंदाहा ग्राम स्थित दिवंगत कामरेड विशेश्वर प्रसाद यादव के आवास पर सोमवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में काराकाट के विधायक अरुण सिंह, घोषी के पूर्व विधायक रामबली सिंह यादव, एपवा की राष्ट्रीय सचिव सह वैशाली जिला प्रभारी मीना तिवारी, पुत्र सरोज प्रसाद यादव, पूर्व पैक्स अध्यक्ष सविता देवी, सुपौत्र हिमांशु कुमार, विवेक कुमार सहित भाकपा (माले) के सैकड़ों नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

सभा को संबोधित करते हुए काराकाट के विधायक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बीते विधानसभा चुनाव में पार्टी द्वारा कामरेड विशेश्वर प्रसाद यादव को सुपौल जिले का प्रभारी बनाया गया था। वे अनिल कुमार के समर्थन में चुनाव कैंप में सक्रिय थे। इसी दौरान तबीयत खराब रहने के बावजूद उन्होंने जिम्मेदारी का निष्ठा पूर्वक निर्वहन किया। 11 नवंबर की रात अचानक उनकी स्थिति बिगड़ गई और अस्पताल में भर्ती कराने के बाद 12 नवंबर की सुबह उनका निधन हो गया। विधायक ने कहा कि “आज हम संकल्प लेते हैं कि उनके अधूरे सपनों को पूरा करेंगे।”

वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एपवा की राष्ट्रीय सचिव मीना तिवारी ने कहा कि कामरेड विशेश्वर प्रसाद यादव पार्टी के प्रति अत्यंत समर्पित, निष्ठावान और संघर्षशील योद्धा थे। सदस्यता ग्रहण करने के बाद से ही वे भाकपा (माले) के सिद्धांतों पर चलते हुए अंतिम समय तक पार्टी कार्यों में सक्रिय रहे। उन्होंने कहा—“ऐसे वीर क्रांतिकारी को बार-बार लाल सलाम।”

कार्यक्रम में काराकाट के विधायक अरुण सिंह, घोषी के पूर्व विधायक रामबली सिंह यादव, मीना तिवारी, कामरेड योगेंद्र राय, सुमन कुमार, पारस भारती, डॉ. प्रेम देवी, डॉ. भिखारी राय, गिरिजा कुमारी, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, मनोज पांडे, गोपाल पासवान, राम बहादुर राय, सुपौल के पार्टी नेता जयनारायण यादव, अनिल कुमार, अरविंद शर्मा, अच्छे लाल मेहता, नवल किशोर मेहता सहित अनेक नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।