-बन्दरा प्रखंड में दिव्यांग अधिकार अधिनियम पर महत्वपूर्ण बैठक
योजनाओं के लाभ सुनिश्चित करने पर जोर
मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड में मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी आमना वसी की अध्यक्षता में दिव्यांग अधिकार अधिनियम 2016 की धारा 72 के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में हत्था एवं पियर थाना प्रभारी,प्रखण्ड समन्वयक दीपिका भारती, प्रखंड स्तरीय सभी अधिकारी, कर्मी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में दिव्यांग अधिकार अधिनियम 2016 के विभिन्न प्रावधानों की समीक्षा की गई और प्रखंड के दिव्यांग जनों की वास्तविक स्थिति को ध्यान में रखते हुए कई विभागवार प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए।
इन प्रस्तावों को पर्सन विद डिसेबिलिटी के जिला अध्यक्ष सह बन्दरा प्रखंड अध्यक्ष पंकज ठाकुर ने रखा। बैठक में विशेष रूप से धारा 72 के अनुरूप नियमित बैठक आयोजित करने का निर्धारण,सभी दिव्यांगों को अंत्योदय राशन कार्ड सुनिश्चित कराना,दिव्यांगों को आवास योजना, जीविका कार्यक्रम एवं मनरेगा से जोड़कर लाभान्वित करना,दिव्यांग जनों की समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई आदि बातों पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने दिव्यांगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मुद्दों पर मौके पर ही समाधान भी किया।
इस अवसर पर प्रखंड उपप्रमुख उमेश राय, जिला अध्यक्ष पंकज ठाकुर, अनुमंडल सचिव मनीष कुमार, विजय कुमार, विभा कुमारी सहित दिव्यांग समुदाय के अन्य प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।












