-कांटी में डकैती जैसी लूट, व्यापारियों में आक्रोश
मुजफ्फरपुर। कांटी में बेखौफ अपराधियों का तांडव एक बार फिर सामने आया है। दिनदहाड़े अपराधियों ने गल्ला व्यवसायी को निशाना बनाते हुए पिस्टल के बल पर ढाई लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना कांटी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 17 स्थित कांटी थाना रोड पर हुई, जहाँ गल्ला व्यवसायी एवं खरीद–बिक्री का काम करने वाले संजीत कुमार की दुकान में यह वारदात अंजाम दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन अपराधी अचानक दुकान में घुसे और पिस्टल दिखाकर काउंटर में रखे ढाई लाख रुपये जबरन लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी तेज़ रफ़्तार में बाइक से भाग निकले। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में भारी आक्रोश है। क्षेत्र में दहशत और गुस्से का माहौल बना हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस और एसडीपीओ पश्चिमी वन सुचित्रा कुमारी दल–बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है।
स्थानीय व्यवसायी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराज हैं और लगातार हो रही आपराधिक वारदातों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












