-चौरासी कोशी परिक्रमा सम्पन्न: जनकपुरधाम में भक्तिमय माहौल, सोनपुर में नौका विहार के साथ समापन
जनकपुरधाम।मधुकर।
चौरासी कोशी परिक्रमा विधिवत रूप से संपन्न हो गई। सोनपुर से प्रारंभ हुई यह पावन परिक्रमा जनकपुरधाम में विश्राम, दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ आगे बढ़ी। जानकी मंदिर के दर्शन के उपरांत परिक्रमा दल अहिल्या स्थान, दरभंगा होते हुए पुनः सोनपुर पहुँचा, जहाँ नौका विहार के साथ परिक्रमा का समापन हुआ।
जनकपुरधाम आगमन पर उप महानगरपालिका वार्ड 23 के वार्डाध्यक्ष एवं गोविंद सेवा समिति के अध्यक्ष राघवेन्द्र साह ने परिक्रमा में शामिल सभी साधु-संतों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव ने मौनी बाबा सहित विभिन्न अखाड़ों एवं दलों से आए साधु-संतों का विशेष सम्मान कर उनका अभिनंदन किया।

जनकपुरधाम में रात्रि भंडारा का आयोजन किया गया, जिसके बाद शनिवार की सुबह परिक्रमा दल ने विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। इस उपरांत यात्रा अहिल्या स्थान होते हुए पुनः सोनपुर पहुँची और वहाँ नौका विहार के बाद इस धार्मिक परिक्रमा का सफल समापन हुआ।
चौरासी कोशी परिक्रमा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे, और पूरे मार्ग में भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।














