Advertisement

बिहार चुनाव परिणाम के बाद RJD में बगावत तेज, परिवार से पार्टी तक मचा घमासान

-बिहार चुनाव परिणाम के बाद RJD में बगावत तेज, परिवार से पार्टी तक मचा घमासान

ब्यूरो।पटना।

बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के भीतर गहरी कलह खुलकर सामने आ गई है। लालू प्रसाद यादव के परिवार से लेकर पार्टी नेतृत्व तक में भूचाल की स्थिति है। रोहिणी आचार्य के तीखे तेवरों के बाद अब सीनियर नेता अब्दुल बारी सिद्दकी और पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने भी खुलकर नेतृत्व पर निशाना साध दिया है।

शिवानंद तिवारी का तीखा तंज, लालू-तेजस्वी पर साधा निशाना:

शिवानंद तिवारी ने फेसबुक पर एक कहानी के जरिए लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने फुलवारी शरीफ जेल में लालू के साथ बिताए दिनों का जिक्र करते हुए लिखा कि लालू यादव की आकांक्षा हमेशा छोटी रही है। तिवारी ने तंज कसा कि “लालू यादव ने कहा था, मैं राम लखन सिंह यादव जैसा नेता बनना चाहता हूं। लगता है ऊपर वाला सुन लेता है—उनकी इच्छा पूरी हो गई।”
उन्होंने कहा कि आज हालात ऐसे हैं कि पार्टी सिर्फ 25 सीटों पर सिमट गई, जबकि लालू परिवार ने पूरी ताकत झोंक दी थी।

तिवारी ने तेजस्वी यादव पर भी जमकर हमला करते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद से इसलिए हटाया गया क्योंकि वे मतदाता सूची के पुनरीक्षण के खिलाफ संघर्ष की बात कर रहे थे, जबकि तेजस्वी तो “सपनों में मुख्यमंत्री की शपथ ले रहे थे।”

अब्दुल बारी सिद्दकी ने संजय यादव पर साधा निशाना:

RJD के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दकी ने भी पहली बार इशारों में राज्यसभा सांसद संजय यादव पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार के मुद्दों पर निर्णय बिहार के नेताओं को बैठकर करना चाहिए।
उनके इस बयान से पार्टी में चर्चा शुरू है कि कहीं सिद्दकी का भी वही हश्र न हो जो शिवानंद तिवारी और जगदानंद सिंह का हुआ था। सूत्रों का दावा है कि सिद्दकी के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई हो सकती है।

टिकट बंटवारे पर बवाल, संजय यादव पर उठे सवाल:

पार्टी सूत्रों का कहना है कि विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे से पहले किसी सीनियर नेता से राय नहीं ली गई। टिकट वितरण संजय यादव की मर्जी से हुआ, जिससे पार्टी और परिवार के कई सदस्य नाराज़ थे। चुनाव परिणाम आने के बाद संजय यादव के खिलाफ विरोध और बढ़ गया है।

रोहिणी आचार्य ने छोड़ा घर और राजनीति
घरेलू विवाद अब सार्वजनिक हो चुका है। लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सीधे संजय यादव और रमीज पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हीं लोगों ने उन्हें घर छोड़ने को कहा। एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने राजनीति और परिवार से नाता तोड़ने की घोषणा कर दी।

दिल्ली रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा—
“हार का कारण पूछने पर घर से बाहर कर दिया जाता है और चप्पल उठाया जाता है। इसलिए मैं घर और परिवार छोड़कर जा रही हूं।”

रोहिणी से पहले तेज प्रताप यादव भी कई बार संजय यादव पर आरोप लगा चुके हैं और उन्हें “जयचंद” कहकर संबोधित करते रहे हैं।

बिहार चुनाव की हार ने RJD के भीतर वर्षों से दबा असंतोष सतह पर ला दिया है। परिवारिक कलह, टिकट बंटवारे को लेकर असंतोष और वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा अब खुलकर सामने आ गई है। आने वाले दिनों में पार्टी के भीतर और बड़े राजनीतिक उथल-पुथल की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।