-नेपाल: जीतेन्द्र सोनल ने मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर
लोसपा के प्रदेश अध्यक्ष, विधायक एवं पूर्व मंत्री जीतेन्द्र सोनल ने गुरुवार दोपहर 1 बजे मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। जनकपुरधाम स्थित गवर्नर हाउस में गवर्नर सुमित्रा देवी भंडारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री के साथ महेश यादव सहित दो अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इस मौके पर विभिन्न दलों के प्रमुख नेता भी उपस्थित रहे।

नई सरकार को जनता समाजवादी पार्टी (जसपा), जनमत पार्टी, नेकपा (माओवादी केन्द्र), लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी और नेकपा (समाजवादी) का समर्थन प्राप्त हुआ है। जसपा के पास 19, जनमत के पास 13, माओवादी केन्द्र के पास 9, लोकतांत्रिक समाजवादी के पास 8 और समाजवादी पार्टी के पास 7 विधायक हैं। कुल मिलाकर 56 विधायकों के समर्थन से नई सरकार का गठन हुआ है, जबकि बहुमत के लिए 54 विधायकों की आवश्यकता थी।
सूत्रों के अनुसार, गठबंधन में जसपा नेपाल व जनमत पार्टी को 3-3, लोसपा को 2, नेकपा (माओवादी केन्द्र) को 2 और नेकपा (समाजवादी) को 2 मंत्री पद मिलने की संभावना है।
जीतेन्द्र सोनल, जो बारा जिला से विधायक हैं, पूर्व में लाल बाबू राउत सरकार में भौतिक पूर्वाधार मंत्री रह चुके हैं। वे सामाजिक रूप से सुनार समुदाय से आते हैं और मधेश प्रदेश के चौथे मुख्यमंत्री बने हैं।















