-मेयर मनोज साह की पहल से तेलिया पोखर का सौन्दर्यीकरण शुरू, अतिक्रमण हटाने में हुआ विवाद
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका के वार्ड नंबर 20, रूपैठा स्थित ऐतिहासिक तेलिया पोखर के सौन्दर्यीकरण कार्य की शुरुआत मंगलवार से मेयर मनोज कुमार साह के नेतृत्व में की गई। इस दौरान अतिक्रमित भूमि को खाली कराने के लिए बुलडोजर चलाया गया, जिसकी देखरेख प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में की गई।
अतिक्रमण हटाने के दौरान वार्ड अध्यक्ष मोती कबाड़ी राइन ने सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की की। उन्होंने मुहर्रम के मौके पर ताजिया के लिए अलग भूमि की मांग की। गौरतलब है कि पिछले वर्षों में छठ पूजा और दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान इसी क्षेत्र में साम्प्रदायिक तनाव और पत्थरबाजी की घटनाएं हुई थीं, जिसके चलते प्रशासन को कर्फ्यू तक लगाना पड़ा था।
हालांकि सोमवार को प्रशासन, नागरिक समाज और स्थानीय नेताओं की बैठक में यह सहमति बनी कि तेलिया पोखर का सौन्दर्यीकरण जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका द्वारा कराया जाएगा।

मेयर मनोज कुमार साह ने बताया कि पोखर के चारों ओर घाटों का निर्माण, वृक्षारोपण और साफ-सफाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि “यह पोखर दोनों समुदायों का है — छठ पूजा हो या मिलाद, सभी लोग इसका उपयोग कर सकते हैं, लेकिन कोई भी समुदाय इस पर कब्जा नहीं करेगा।”
मेयर की इस पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है। बताया जाता है कि करीब सौ वर्ष पूर्व देवपुरा रूपैठा के तेली समुदाय ने राहगीरों के स्नान और पेयजल के लिए इस पोखर की खुदाई कराई थी। बाद में पारिवारिक विवाद और कर बकाया के चलते यह पोखर नेपाल सरकार के अधीन चला गया।
#जनकपुरधाम #तेलिया_पोखर #मेयर_मनोज_साह #सौन्दर्यीकरण #समरसता #अतिक्रमण_मुक्त #नेपाल_समाचार #छठ_पूजा #मुहर्रम #धार्मिक_सौहार्द














