Advertisement

मुजफ्फरपुर में बागमती उफान पर: नवादा और हरिपुर में बढ़ा कटाव, कई गांवों में पानी घुसा

-मुजफ्फरपुर में बागमती उफान पर: नवादा और हरिपुर में बढ़ा कटाव, कई गांवों में पानी घुसा

मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।

नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब बिहार में साफ दिखने लगा है। मुजफ्फरपुर जिले में बागमती नदी का जलस्तर पिछले तीन दिनों से लगातार बढ़ रहा है। नदी के उफान पर आने से जिले के कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नवादा गांव, हरिपुर और मधुरपट्टी जैसे क्षेत्रों में लोग घरों में कैद हो चुके हैं और पानी उनके दरवाजे तक पहुंच गया है।

नवादा गांव में बागमती के तेज बहाव के कारण कटाव तेज हो गया है, जिससे मुख्य सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया है। इससे लोगों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो गांव का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है। कई परिवार अपने घरों में पानी रोकने के लिए अस्थायी इंतजाम कर रहे हैं, लेकिन पानी के तेज दबाव के सामने सभी प्रयास विफल साबित हो रहे हैं।

प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी:

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अब तक न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा है और न ही किसी जनप्रतिनिधि ने हालात का जायजा लिया है। लोगों को डर है कि अगर पानी की रफ्तार यूं ही बढ़ती रही तो बाढ़ का बड़ा खतरा खड़ा हो सकता है।

हरिपुर और मधुरपट्टी में स्थिति गंभीर:

गायघाट प्रखंड के हरिपुर गांव में भी नदी का कटाव जारी है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। बांध सड़क टूटने से यातायात बाधित हो गया है। वहीं मधुरपट्टी में पुल के अभाव में लोग रोजमर्रा की आवाजाही के लिए नाव का सहारा लेते हैं, लेकिन जलस्तर बढ़ने से नावों का परिचालन अब खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है।

औराई में लखनदेई भी उफान पर:

औराई प्रखंड में बागमती के साथ-साथ लखनदेई नदी भी उफान पर है। लखनदेई में जमींदारी बांध टूटने का खतरा मंडरा रहा है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन ने जल्द राहत और बचाव कार्य नहीं शुरू किए, तो हालात और भयावह हो सकते हैं।

#मुजफ्फरपुरबाढ़ #बागमतीउफान #हरिपुरकटाव #लखनदेईनदी #गायघाटकाघटनाक्रम #बिहारबारिश